भूमि पूजन के साथ हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव 2026 का शुभारंभ, 29 नवंबर से जुटेंगे देशभर के शिल्पकार

लखनऊ :  आशियाना क्षेत्र के स्मृति उपवन स्थित कांशीराम सांस्कृतिक स्थल, बंगला बाजार में आयोजित होने जा रहे ‘हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव 2026’ की तैयारियों का शुक्रवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ हुआ। माँ गायत्री जन सेवा संस्थान एवं नीशू वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भूमि पूजन का अनुष्ठान आचार्य पंडित अनुराग मिश्रा शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया।

इस अवसर पर आयोजन के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, गुंजन वर्मा एवं रणबीर सिंह के साथ हेमू चौरसिया, मोनालिसा, रोली जायसवाल, रुद्र प्रताप बाजपेई, प्रखर सिंह, शक्ति सिंह एडवोकेट, डॉक्टर दिनेश सहगल, करणी सेना के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह, निलांश ग्रुप के संतोष श्रीवास्तव, मनोज सिंह चौहान, महेश चौरसिया सहित अनेक गणमान्य लोग और आयोजन से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।

आयोजक एवं अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव 29 नवंबर 2026 से शुरू होकर 3 जनवरी 2027 तक चलेगा। महोत्सव का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्पियों, कारीगरों, लघु उद्यमियों और पारंपरिक कला से जुड़े लोगों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प, लोककला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। यहां देश के विभिन्न हिस्सों की हस्तनिर्मित वस्तुएं, पारंपरिक शिल्प, कलात्मक उत्पाद और सांस्कृतिक गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। भूमि पूजन के साथ ही महोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।


 रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.