बीडीसी सदस्यों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार अभिनंदन

मोहनलालगंज - विन्ध्येश्वरी किसान मोर्चा अवध प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला के प्रथम आगमन पर ब्लॉक परिसर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बीडीसी सदस्यों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने फूल-मालाओं से लादकर उनका जोरदार स्वागत किया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में उनके प्रथम आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत समारोह के दौरान समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ओम प्रकाश शुक्ला को किसान मोर्चा के अवध प्रांत में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना मोहनलालगंज क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनके संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता से किसान मोर्चा को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही किसानों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित मंचों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।स्वागत समारोह में पूर्व ब्लॉक प्रमुख नितिन जायसवाल, राजेश पांडेय, गोविंद तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला, एडवोकेट वीरेंद्र अवस्थी, लाल बिहारी मिश्रा, अरविंद शर्मा, राजेश द्विवेदी, बिंदा प्रसाद, राममिलन, सूरज तिवारी, विनोद साहू और सुरेश चंद्र सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।इस अवसर पर सभी ने ओम प्रकाश शुक्ला को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में किसान मोर्चा का संगठनात्मक विस्तार होगा तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।वहीं, ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने भव्य स्वागत और सम्मान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, बीडीसी सदस्यों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।किसानों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं को उठाने और उनके अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

रिपोर्टर - धीरज तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.