खजाना चौराहे पर महिला के गले से झपटी सोने की चेन, लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपी को दबोचा
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला के गले से छीनी गई पीली धातु की चेन भी बरामद कर ली है। जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर की शाम करीब 5:20 बजे नूतन श्रीवास्तव अपने पति अभय कुमार श्रीवास्तव के साथ खजाना चौराहे से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रंजीत कश्यप (31) पुत्र पुत्तनलाल, निवासी ईदगाह, थाना कोतवाली नगर, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले घरों में कुकिंग का काम करता था। उसके कब्जे से छीनी गई चेन बरामद हुई है।
पीड़िता की तहरीर पर आशियाना थाने में मुकदमा संख्या 310/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप ठाकुर और कांस्टेबल संजय सरोज की अहम भूमिका रही।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.