गाली देने से मना किया तो दबंगों ने दो भाइयों पर किया जानलेवा हमला

लखनऊ : राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने दो सगे भाइयों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि गाली देने का विरोध करने पर आरोपियों ने ईंट, गुम्मा, डंडे और कुल्हाड़ी से दोनों भाइयों की जमकर पिटाई की और मौके से फरार हो गए। हमले में एक भाई का सिर फट गया, जबकि दूसरे के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है।

जानकारी के मुताबिक, आशियाना थाना क्षेत्र के रतनखंड में किराये पर रहने वाली सुरजन देवी पत्नी राम लड़ैते ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 नवंबर की रात करीब आठ बजे उनका बेटा शिवा अपनी दो वर्षीय भांजी को रतनखंड पानी की टंकी के पास खिला रहा था। इसी दौरान पास की पान की दुकान पर खड़े दो-तीन युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद शिवा को गाली देना शुरू कर दिया। शिवा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया।

आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर शिवा और उसके बड़े भाई गोपाल पर ईंट, गुम्मा, डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मारपीट में शिवा का सिर फट गया, जबकि गोपाल के बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित भाइयों की मां की शिकायत पर शनिवार को आशियाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.