नवविवाहिता ने मेजर पति, सास और ननद पर लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप, मुकदमा दर्ज

लखनऊ :  राजधानी लखनऊ के आशियाना थाने में एक नवविवाहिता ने अपने मेजर पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, शारीरिक एवं मानसिक क्रूरता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। इतना ही नहीं, पति ने कथित तौर पर उसे 10वीं मंजिल से नीचे फेंकने तक की धमकी दी।

आशियाना थाना क्षेत्र के जलवायु विहार, सेक्टर-एल, एलडीए कॉलोनी निवासी शुभांगी कंडपाल पत्नी मेजर अक्षय जोहरी के मुताबिक, उनका विवाह 19 फरवरी 2026 को सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ था। उनके पिता ग्रुप कैप्टन सुनील चंद्र कांडपाल ने शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि इसमें पिता की सेवानिवृत्ति की पूरी जमा पूंजी भी शामिल थी। इसके बावजूद पति अक्षय जोहरी, ननद नेहा जोहरी और सास मंजू जोहरी की ओर से दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि हनीमून के दौरान बाली में भी पति का व्यवहार अपमानजनक रहा। पति ने अपने पास पैसे नहीं होने और मायके में पर्याप्त धन होने की बात कहकर खर्चों के लिए दबाव बनाया। साथ ही नया आईफोन और एप्पल वॉच दिलाने की मांग की। आरोप है कि 3 मार्च को मामूली बात पर पति आगबबूला हो गया और उसे 10वीं मंजिल से नीचे फेंक देने की धमकी दी। इसके अलावा गाली-गलौज और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। एक बार आइसक्रीम अधिक खाने से मना करने पर चम्मच फेंककर मारने का भी आरोप लगाया गया है।

शुभांगी के अनुसार, 5 जून को लखनऊ आने और विवाह पंजीकरण के लिए सामान पैक करते समय पति ने उनके शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, पैन कार्ड, वोटर कार्ड और आर्मी डिपेंडेंट कार्ड सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। वहीं लखनऊ में मैरिज रजिस्ट्रेशन के दौरान सार्वजनिक स्थान पर पति द्वारा उनका हाथ पकड़कर बाजू को जोर से दबाने और पिंच करने का आरोप भी लगाया गया है, जिससे बाजू पर नीले निशान पड़ गए थे।

पीड़िता का आरोप है कि विवाह पंजीकरण के बाद सास मंजू जोहरी ने उन्हें लखनऊ स्थित वैवाहिक घर में प्रवेश नहीं करने दिया। बार-बार वापस आने की इच्छा जताने के बावजूद पति ने उन्हें साथ रखने से इनकार कर दिया। पिता की ओर से पति के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद भी कोई सुधार नहीं होने पर पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई।

आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र राय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति मेजर अक्षय जोहरी, सास मंजू जोहरी और ननद नेहा जोहरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.