ग्रीन गैस के नाम पर लिंक भेज साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 3.43 लाख रुपये, 46 दिन बाद मुकदमा दर्ज
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में साइबर ठगों ने ग्रीन गैस के नाम पर एक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए उसके बैंक खाते से 3.43 लाख रुपये पार कर दिए। ठगों ने पेमेंट अपडेट कराने का झांसा देकर पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उसे इंस्टॉल करवा लिया। इसके बाद खाते से रकम निकलने लगी। हैरानी की बात यह है कि घटना के 46 दिन बाद आशियाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है।
आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-आई, एलडीए कॉलोनी निवासी चेतन प्रकाश सिंह पुत्र स्वर्गीय मुंडन लाल के मुताबिक, उनका इंडसइंड बैंक की आशियाना शाखा में खाता है। बीते 5 अक्टूबर को उनके पास ग्रीन गैस के नाम पर फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनका पेमेंट नहीं हो पा रहा है। इसके लिए एक लिंक भेजा जा रहा है, जिसे इंस्टॉल करने के बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने फोन करने वाले की बातों पर भरोसा कर भेजे गए लिंक को इंस्टॉल कर लिया। करीब आधे घंटे बाद जब उन्होंने मोबाइल पर बैंक के मैसेज देखे तो खाते से लगातार रकम कटने की जानकारी मिली। आनन-फानन में उन्होंने बैंक पहुंचकर मामले की जानकारी दी और साइबर सेल के साथ ही स्थानीय आशियाना थाने में भी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि साइबर ठगों ने उनके खाते से कुल 3.43 लाख रुपये निकाल लिए।
पीड़ित की शिकायत के बाद अब घटना के 46 दिन बीतने पर शनिवार को आशियाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.