मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का एसडीएम ने लिया जायजा, दर्जनों बूथों का किया निरीक्षण
मोहनलालगंज, लखनऊ : आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में प्रशासन ने तेजी ला दी है। इसी क्रम में मोहनलालगंज एसडीएम आकाश सिंह ने रविवार को तहसील क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने निगोहां स्थित सत्यनारायण तिवारी इंटर कॉलेज समेत दर्जनों विद्यालयों में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बूथों पर तैनात कर्मचारियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही अभिलेखों का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनियमितता नहीं होनी चाहिए। सभी कर्मचारी पूरी निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।एसडीएम ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऐसे युवाओं को चिह्नित किया जाए, जो बालिग हो चुके हैं और अभी तक मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है। ऐसे सभी पात्र युवाओं को जागरूक कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका पंजीकरण कराया जाए, जिससे कोई भी युवा अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।उन्होंने बूथ स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, संशोधन कराने और अन्य त्रुटियों को दुरुस्त करने के कार्य में विशेष सतर्कता बरती जाए। निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रशासन की इस कवायद का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिक लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.