शादी समारोह में गया परिवार, पीछे से चोरों ने खंगाला मकान; लाखों के जेवर और नकदी पार

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में चोरों के हौसले बुलंद हैं। कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरी में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के कीमती जेवरात, नकदी और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया। घटना के समय मकान मालिक अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने प्रतापगढ़ गए हुए थे। परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, वीआईपी रोड स्थित गोपालपुरी निवासी कृष्णकांत मिश्रा 20 नवंबर को अपने पूरे परिवार के साथ प्रतापगढ़ में रहने वाले अपने चाचा के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर की देखभाल के लिए उन्होंने अपने परिचित आशु नामक युवक को एक हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से रखा था। युवक के पास घर के बाहरी हिस्से की चाबी थी और वह बरामदे में ही सोता था।

पीड़ित के मुताबिक, 22 नवंबर को फोन पर आशु से बातचीत के दौरान कमरों के ताले टूटे होने और चोरी की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह वापस घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर में रखे कीमती जेवरात व नकदी गायब थी। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे घटना से जुड़े अहम फुटेज मिलने की संभावना प्रभावित हो सकती है।

इस संबंध में कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रविवार को चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.