पान-मसाला खाने को लेकर हुआ विवाद, गुस्से में युवक की गर्दन पर चाकू से किया वार
लखनऊ : राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पान-मसाला खाने को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति ने युवक को रास्ते में रोककर उसकी गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीजीआई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, भीमटोला खरिका तेलीबाग निवासी गोपी गौतम ने 23 नवंबर को थाने में तहरीर देकर बताया कि किशन शर्मा ने उनके छोटे भाई अमित उर्फ गोलू को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अमित की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने 23 नवंबर को आरोपी किशन शर्मा (50 वर्ष), निवासी खान मार्केट भीमटोला खरिका, तेलीबाग को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 नवंबर की रात अमित उर्फ गोलू से पान-मसाला खाने को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी गुस्से में उसने अमित की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में भी पीजीआई थाने में धारा 304 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.