कार्तिक पूर्णिमा पर पौराणिक अहिनिवार धाम मेला आज,लाखों श्रद्धालु चंद्र सरोवर में करेंगे स्नान
निगोहां - कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर निगोहां क्षेत्र स्थित पौराणिक अहिनिवार धाम में आज विशाल मेला सम्पन्न होगा। जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु अहिनिवार धाम पहुंचकर स्थित चंद्र सरोवर में स्नान कर उगते सूर्य को जल अर्पित करेंगे। इसके बाद अहिनिवार धाम में स्थित बाबा के दर्शन करेंगे।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर इस अहिनिवार धाम का विशेष महत्व है। मान्यता है कि जो लोग बिहार प्रदेश में स्थित गया धाम में अपने पुरखों के लिए पिंडदान करने जाते हैं, तो वहां पिंडदान कराने वाले पंडे अहिनिवार में स्थित चंद्र सरोवर में स्नान का महत्व बताते हुए जल की मांग करते हैं। ऐसा न करने पर वहां के पंडे अहिनिवार धाम में स्थित चंद्र सरोवर का जल देकर स्नान कराते हैं। वहीं कुछ लोग महाभारत से भी इस पौराणिक अहिनिवार धाम को जोड़ते हैं। फिलहाल वास्तविकता जो भी हो, यहां वर्षों से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ होती आ रही है।
निगोहां रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु अहिनिवार धाम पहुंचते हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर कड़ी व्यवस्था की गई है। निगोहां जीआरपी पुलिस चौकी इंचार्ज सहित अन्य पुलिसकर्मी तैनात हैं। वहीं निगोहां पुलिस भी इस पौराणिक अहिनिवार धाम में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है जहाँ निगोहां कस्बा से लेकर मेला तक जगह जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार कनौजिया ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल एस डी आर एफ की टीम सहित गोताखोरों को लगाया गया पीएसी व जिले से अतिरिक्त पुलिस बल की भी मांग की गई है।
संवाददाता - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.