समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशी, हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद भरा पर्चा; एल्डर्स कमेटी ने संभाली व्यवस्था

लखनऊ - सरोजनी नगर तहसील बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन के दौरान तहसील परिसर में चुनावी उत्साह चरम पर नजर आया। नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष मध्य एवं कनिष्ठ, कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री और कार्यकारिणी पदों के प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच जोश और गर्मजोशी से अपना नामांकन दाखिल किया। प्रत्याशियों के जुलूस और समर्थकों की मौजूदगी से पूरे परिसर में चुनावी माहौल बना रहा।

एल्डर्स कमेटी के इंतजाम, वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए एल्डर्स कमेटी की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन सुरेश कुमार रुंगटा, मुख्य चुनाव अधिकारी वीरेन्द्र कुमार चौधरी तथा कमेटी के सदस्य नन्हकऊ राम कुरील, राकेश कुमार श्रीवास्तव एवं राजकुमार सिंह 'बच्चा सिंह' की देखरेख में व्यवस्था संभाली गई, जो काबिले तारीफ रही।

बार एसोसिएशन के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था, ताकि परिसर में भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर कमेटी सतर्क नजर आई। इसके अलावा स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा।

हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद दाखिल किए नामांकन

सुबह 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चली। प्रत्याशियों ने नामांकन से पहले हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद समर्थकों के साथ बार भवन पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र दाखिल किए। दिनभर अधिवक्ताओं के बीच चुनावी चर्चाएं और प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बना रहा।

उपाध्यक्ष मध्य के चुनाव में आनंद कुमार यादव ने बदला माहौल, समर्थकों ने लगाए नारे

उपाध्यक्ष मध्य पद के प्रत्याशी आनंद कुमार यादव के नामांकन के दौरान खासा उत्साह देखने को मिला। पिछले वर्ष महज छह वोटों से चुनाव में शिकस्त झेलने के बाद आनंद कुमार यादव इस बार फिर मैदान में उतरे हैं। नामांकन के दौरान सैकड़ों समर्थकों की मौजूदगी और "हमारा प्रत्याशी कैसा हो, आनंद यादव जैसा हो" तथा "आनंद यादव जिंदाबाद" के नारों से तहसील परिसर गूंज उठा। समर्थकों की भीड़ और नारों ने चुनावी माहौल को और गर्मा दिया। उनकी जोरदार मौजूदगी ने उपाध्यक्ष मध्य पद के चुनाव को खासा चर्चित बना दिया।

प्रमुख पदों पर प्रत्याशियों ने ठोंकी ताल

एल्डर्स कमेटी की ओर से जारी नामांकन सूची के अनुसार अध्यक्ष पद पर अमितेश श्रीवास्तव, राजेश कुमार शर्मा एवं राम कुमार यादव, महामंत्री पद पर प्रेम शंकर यादव, राम सुमित यादव एवं रमाकान्त, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भानू प्रताप गौड़ एवं शोभनाथ यादव, उपाध्यक्ष मध्य पद पर आनंद कुमार यादव, राजेन्द्र प्रसाद, वीरेन्द्र सिंह यादव (गुड्डू), मनोज कुमार यादव एवं अशोक पाल, उपाध्यक्ष कनिष्ठ पद पर रंजीत कुमार पाल, रवि प्रताप रावत एवं सौरभ यादव, कोषाध्यक्ष (महिला आरक्षित) पद पर शिवांगी मिश्रा, ममता देवी शुक्ला एवं राजकुमारी, संयुक्त मंत्री पद पर शैलेन्द्र कुमार यादव, शब्बीर खान, कैलाश कुमार, मो. जमालुद्दीन शेख एवं प्रेम शंकर यादव, वरिष्ठ कार्यकारिणी में सुभाष चन्द्र यादव, सिराज खान, केसरी नन्दन मिश्रा, वीरेन्द्र नाथ सिंह यादव, सुमन यादव एवं हेमलता पाण्डेय तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी में सुरेन्द्र कुमार, संजीव कुमार, रामजी, सूरज सिंह, दिनेश सैनी, नूर बानो एवं एक अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया।

7 दिसंबर को मतदान, उसी दिन आएंगे परिणाम

घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार महिला आरक्षण के तहत 33 प्रतिशत की स्थिति को देखते हुए 25 नवंबर को सामान्य वर्ग के लिए नामांकन का अवसर निर्धारित किया गया है। 26 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी और 27 नवंबर को वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 7 दिसंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह बना हुआ है और अब सभी की निगाहें मतदान एवं परिणाम पर टिकी हैं।

रिपोर्टर - धीरज तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.