जंगली सुअरों के शिकार के लिए रखे विस्फोटक की चपेट में आई गर्भवती गाय, जबड़ा उड़ा
लखनऊ - मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गौरा गांव में जंगली सुअरों का शिकार करने के लिए कथित तौर पर आटे की लोई में छिपाकर रखे गए विस्फोटक ने एक बेजुबान जानवर की जान को संकट में डाल दिया। शिकार के लिए रखी गई लोई को चरते समय एक गर्भवती गाय ने खा लिया। इसके कुछ ही पल बाद उसके मुंह में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि गाय का जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल गाय दर्द से तड़पती रही और उसके मुंह से काफी खून बहने लगा। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामले में पशु मालिक की शिकायत पर मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गौरा गांव निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार को शाम करीब चार बजे उनकी मां गाय चराने के लिए गई थीं। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित खाली पड़ी जमीन में आटे की एक लोई रखी हुई थी। चरते-चरते गर्भवती गाय वहां पहुंच गई और उसने जमीन पर पड़ी लोई को खा लिया। आरोप है कि लोई के अंदर विस्फोटक पदार्थ छिपाकर रखा गया था। गाय के लोई खाते ही उसके मुंह में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट से गाय का जबड़ा बुरी तरह फट गया और उसका हिस्सा टूटकर अलग हो गया। अचानक हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।पीड़ित मनोज कुमार ने अपनी शिकायत में गांव के ही सज्जा पुत्र बुद्धा रावत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि उक्त व्यक्ति पिछले करीब दो वर्षों से जंगली सुअरों का शिकार करने के लिए इसी तरह आटे की लोई में विस्फोटक छिपाकर सुनसान स्थानों पर रखता आ रहा है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति कथित तौर पर विस्फोटक तैयार करने और शिकार किए गए जंगली सुअरों की आपूर्ति करने का काम भी करता है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच में पुष्टि होना अभी बाकी है।इस घटना में सबसे चिंताजनक बात यह है कि विस्फोट की चपेट में आई गाय गर्भवती है। जबड़े में गंभीर चोट लगने के कारण उसके सामने भोजन करने और सामान्य रूप से पानी पीने तक का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित के मुताबिक, गाय के क्षतिग्रस्त जबड़े का वीडियो भी उनके पास सुरक्षित है, जिसे जरूरत पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराया जा सकता है।
घटना के बाद पशु मालिक मनोज कुमार ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को थाने में लिखित शिकायत देने के लिए कहा। इसके बाद मनोज कुमार ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है।गांव में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि शिकार के लिए इस तरह विस्फोटक का इस्तेमाल किया जा रहा है तो इससे केवल मवेशियों की ही नहीं, बल्कि खेतों में काम करने वाले किसानों, बच्चों और अन्य ग्रामीणों की जान को भी खतरा हो सकता है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है।
रिपोर्टर - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.