चार दिन से लापता मजदूर की मौत पर हंगामा, हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद हुआ अंतिम संस्कार
लखनऊ - निगोहां के बाजपेयी खेड़ा गांव स्थित बांक नाले में चार दिन से लापता मजदूर सुरेंद्र का शव मिलने के बाद सोमवार सुबह परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे एसीपी राजेश सिंह ने मोर्चा संभालते हुए परिजनों को समझाया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उनकी पहल पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।परसपुर ठट्ठा गांव निवासी सुरेंद्र बीते गुरुवार को मजदूरी करने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने निगोहां थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार सुबह बाजपेयी खेड़ा के पास बांक नाले में उसका शव उतराता मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को शव घर पहुंचने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए प्रदर्शन किया।
रिपोर्टर - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.