लोहे की रॉड से दो दोस्तों पर जानलेवा हमला, दोनों के सिर फटे; हालत गंभीर

लखनऊ :  आशियाना थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने दो दोस्तों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों युवकों के सिर बुरी तरह फट गए और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मुंशीखेड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर, कानपुर रोड निवासी सर्वेश कुमार पुत्र स्वर्गीय रामखेलावन के मुताबिक, 23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे उनका बेटा अनिराज अपने दोस्त अनुराग के साथ आशियाना स्थित मल्टी एक्टिविटी सेंटर, सेक्टर-के के पास मौजूद था। इसी दौरान अस्तित्व चौहान, वैभव शुक्ला, अनंत द्विवेदी, आलोक राना, मुदित कुमार और राहुल यादव समेत अन्य लोगों ने दोनों युवकों को घेर लिया और लोहे की रॉड से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी हालत बिगड़ गई।

घटना के बाद घायलों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित अनिराज के पिता सर्वेश कुमार ने आरोपियों के खिलाफ आशियाना थाने में नामजद लिखित शिकायत दी है। आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।


 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.