बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग की ली जान, छह साल की पोती घायल
लखनऊ : आशियाना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही बिना नंबर प्लेट की बाइक ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी उनकी छह वर्षीय पोती भी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जबकि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उसकी बाइक पकड़ ली। इधर, पति का अंतिम संस्कार करने और घायल पोती का इलाज कराने के बाद पत्नी ने सोमवार को आशियाना थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एल, एलडीए कॉलोनी निवासी सुचिता डे पत्नी स्वर्गीय दिलीप कुमार डे के मुताबिक, बीती 19 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे उनके 65 वर्षीय पति दिलीप कुमार डे उन्हें खजाना मार्केट छोड़कर अपनी बाइक संख्या यूपी 32 जीजेड 4935 से घर लौट रहे थे। बाइक पर पीछे उनकी छह वर्षीय पोती भी बैठी थी। आरोप है कि जैसे ही वह सेंट टेरेसा तिराहे के मोड़ पर पहुंचे, तभी बंगलाबाजार की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे बिना नंबर प्लेट के बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग और उनकी पोती सड़क पर गिर पड़े और आगे चल रहे ई-रिक्शा संख्या यूपी 32 एमएन 7845 से भी टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दिलीप कुमार डे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छह वर्षीय पोती के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद से बच्ची गहरे सदमे में है।
पीड़िता के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला, हालांकि स्थानीय लोगों ने उसकी बाइक पकड़ ली थी। पति की मौत और पोती के इलाज के चलते उन्होंने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बाइक चालक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.