उत्तराधिकार वाद के बीच 1.26 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप, भाई समेत बैंक मैनेजर पर मुकदमा दर्ज
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में उत्तराधिकार वाद के दौरान बैंक में जमा 1.26 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि कथित रूप से हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने भाई, भतीजे और पंजाब नेशनल बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत बैंक कर्मचारियों पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कराने का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के मधुबन नगर निवासी पंकज सिंह पुत्र स्वर्गीय ओम प्रकाश सिंह के मुताबिक, उनके पिता ओम प्रकाश सिंह का निधन 8 मई 2018 को हो गया था। उनके पिता के दो वैध उत्तराधिकारी पंकज सिंह और उनके भाई शैलेन्द्र सिंह हैं। पिता की मृत्यु के बाद बैंक के बचत खाते और एफडीआर में जमा धनराशि को लेकर पंकज सिंह ने सिविल जज (सीनियर डिवीजन), मलिहाबाद की अदालत में उत्तराधिकार वाद दाखिल किया था, जो अभी विचाराधीन है।
पीड़ित के अनुसार, न्यायालय द्वारा मांगी गई आख्या में बैंक ने 10 अगस्त 2025 तक बचत खाते और एफडीआर में कुल 1,26,09,601.19 रुपये जमा होने की जानकारी दी थी। इसी बीच 24 अगस्त 2025 को उनकी मां सावित्री सिंह का भी निधन हो गया। आरोप है कि इसके बाद भाई शैलेन्द्र सिंह, उनके पुत्र ध्रुव सिंह, पंजाब नेशनल बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक भानु प्रताप सिंह और बैंक के कुछ कर्मचारियों ने आपसी साजिश के तहत कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद न्यायालय में उत्तराधिकार वाद लंबित होने की जानकारी छिपाकर मोबाइल बैंकिंग समेत अन्य माध्यमों से बचत खाते और एफडीआर की पूरी धनराशि दूसरे खातों में ट्रांसफर करा ली।
पंकज सिंह का आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उनके कानूनी अधिकारों को दरकिनार करते हुए न्यायालय में विचाराधीन मामले को छिपाया और करोड़ों रुपये की रकम हड़प ली। मामले की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।
इस मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर शैलेन्द्र सिंह, ध्रुव सिंह और तत्कालीन शाखा प्रबंधक भानु प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.