शौचालय करने गया ड्राइवर, चोर उड़ा ले गए ऑटो; डेढ़ माह बाद दर्ज हुआ मुकदमा
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां ऑटो खड़ा कर शौचालय करने गए ड्राइवर के लौटने तक चोर ऑटो लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब डेढ़ माह बाद पुलिस ने पीड़ित ऑटो मालिक की शिकायत पर मंगलवार देर शाम मुकदमा दर्ज किया।
आशियाना थाना क्षेत्र के रजनीखंड, शारदा नगर निवासी महेश कान्त पुत्र राजपाल के मुताबिक, बीते 7 अक्टूबर को उनका ऑटो (नंबर यूपी 32 एफएन 2458) चालक रोशन आलमबाग नहर की ओर से चला रहा था। सुबह करीब चार बजे रोशन ने कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के बाराबिरवा नहर चौराहे पर बदनाम लड्डू के सामने ऑटो खड़ा किया और शौचालय करने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो ऑटो गायब था। आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन ऑटो का कोई सुराग नहीं लगा।
पीड़ित ने बताया कि मेहनत-मजदूरी कर खरीदा गया यही ऑटो उसकी आजीविका का एकमात्र सहारा था। इसी से होने वाली कमाई से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद से परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
वहीं, कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि ऑटो मालिक की शिकायत पर चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.