यूजीसी के नए नियमों पर आर-पार की लड़ाई के मूड में करणी सेना
मोहनलालगंज,लखनऊ : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नए नियमों को लेकर देशभर में विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। नियमों की वापसी की मांग को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने अब आंदोलन को और व्यापक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू के नेतृत्व में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर आंदोलन को नई दिशा देने की कवायद चल रही है। राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर तक पदयात्राओं, जनसभाओं और विरोध प्रदर्शनों के जरिए सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन स्थित श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में अब तक चलाए गए आंदोलनों की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन के सिपाहियों को आंदोलन की आगामी रूपरेखा से अवगत कराते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं एवं सामाजिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू ने स्पष्ट संदेश दिया कि यूजीसी के विवादित नियमों की स्थायी वापसी तक आंदोलन थमने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे पर पीछे हटने वाला नहीं है। सरकार को विद्यार्थियों की आशंकाओं और समाज की भावनाओं को समझना होगा। यदि नियमों में निष्पक्षता और समानता को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
वृंदावन स्थित प्रदेश कार्यालय की बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि यूजीसी का मुद्दा केवल राजधानी तक सीमित न रहे। प्रदेश के प्रत्येक जिले में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचकर नियमों को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें रखें। दुर्गेश सिंह दीपू ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय रहने और युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए और सभी विद्यार्थियों को अपना पक्ष रखने का समान अवसर मिलना चाहिए। संगठन की मांग है कि विवादित नियमों को पूरी तरह वापस लिया जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना भी इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्वरूप देने में लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने राजस्थान में करीब 600 किलोमीटर की पदयात्रा कर लोगों के बीच यूजीसी के नए नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में करीब 500 किलोमीटर की पदयात्रा, जम्मू से कश्मीर तक पदयात्रा तथा हरियाणा से चंडीगढ़ तक पदयात्रा के जरिए आंदोलन की आवाज को अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाया।इन पदयात्राओं का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाना है। मकराना लगातार सभाओं, बैठकों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए आंदोलन को मजबूती देने में जुटे हैं। राजस्थान में महारैली और महापंचायत के माध्यम से भी यूजीसी के नियमों की वापसी की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
उत्तर प्रदेश में दुर्गेश सिंह दीपू पहले भी यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ मुखर विरोध दर्ज करा चुके हैं। लखनऊ के परिवर्तन चौक से विधान भवन की ओर अर्धनग्न प्रदर्शन करते हुए मार्च निकालकर उन्होंने सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया था। हालांकि पुलिस प्रशासन ने मार्च को बीच रास्ते में रोक दिया था। इसके बाद लखनऊ में आयोजित सवर्ण मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान उन्हें मोहनलालगंज स्थित आवास पर नजरबंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई थी।इन घटनाओं के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष ने आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया है। अब वृंदावन स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक को आगामी आंदोलन की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।यूजीसी के नए नियमों को लेकर विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। अदालत की ओर से नियमों के क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगाए जाने के बावजूद करणी सेना के नेता इसे स्थायी समाधान नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि केवल अंतरिम रोक से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालय को नियमों की स्थायी वापसी का निर्णय लेना चाहिए।राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना आंदोलन के दौरान यह चेतावनी भी दे चुके हैं कि यदि सरकार ने यूजीसी के विवादित नियमों को वापस नहीं लिया तो आगामी पंचायत, निकाय और विधानसभा चुनावों में सवर्ण समाज अपनी नाराजगी जाहिर करेगा। उन्होंने भाजपा के राजनीतिक बहिष्कार का भी आह्वान किया है।वहीं उत्तर प्रदेश में दुर्गेश सिंह दीपू के नेतृत्व में संगठन की गतिविधियां तेज करने और जिलास्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी है। वृंदावन स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक के बाद संगठन का रुख स्पष्ट नजर आ रहा है कि यूजीसी के नियमों की स्थायी वापसी के मुद्दे पर आंदोलन जारी रहेगा।करणी सेना के नेताओं का साफ संदेश है कि विद्यार्थियों के हितों, समानता और निष्पक्ष न्याय के सवाल पर समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर विवादित नियमों की वापसी का फैसला लेना होगा।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.