रेलवे के भविष्य की नई तकनीकों का संगम बना लखनऊ, इनोरेल इंडिया-2026 का भव्य आगाज
लखनऊ : भाप के इंजन से शुरू हुआ भारतीय रेलवे का सफर अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), हाइड्रोजन ट्रेन और स्मार्ट तकनीकों के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। रेलवे के इसी भविष्य की झलक गुरुवार को राजधानी लखनऊ के आरडीएसओ स्टेडियम ग्राउंड में देखने को मिली, जहां तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन ‘इनोरेल इंडिया-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) द्वारा आयोजित इस सातवें संस्करण में 10 से अधिक देशों के 200 से ज्यादा प्रदर्शक और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। 28 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में रेलवे की अत्याधुनिक तकनीकों, नवाचारों और भविष्य की परिवहन प्रणालियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन रेलवे बोर्ड के सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) डॉ. मनोज सिंह ने किया। इस अवसर पर आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभास दनसाना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, सीआईआई के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत की हस्तियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने भी सहभागिता की। इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम ‘इनोवेशन्स, डिजाइन्स एंड प्रोटोटाइप्स’ रखी गई है, जिसके माध्यम से रेलवे क्षेत्र में नए अनुसंधान, तकनीकी विकास और स्वदेशी नवाचारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उद्घाटन सम्मेलन में रेलवे और उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने बदलती जरूरतों के अनुरूप रेल परिवहन को आधुनिक बनाने पर विचार रखे। आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने रेलवे अनुसंधान, तकनीकी मानकीकरण और उन्नत रेल प्रौद्योगिकियों के विकास में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. मनोज सिंह ने अपने संबोधन में भारतीय रेलवे के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए नवाचार, उद्योग जगत की भागीदारी और तकनीकी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
प्रदर्शनी में एआई आधारित ट्रेन संचालन, हाइड्रोजन ट्रेन विकास, वैकल्पिक ईंधन, ऊर्जा दक्ष लोकोमोटिव, अगली पीढ़ी के स्मार्ट रोलिंग स्टॉक, आधुनिक सिग्नलिंग और उन्नत सुरक्षा प्रणालियों से जुड़ी तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके साथ ही रेलवे और मेट्रो परिवहन को अधिक सुरक्षित, तेज, पर्यावरण अनुकूल और सुविधाजनक बनाने वाले नए उत्पादों, प्रोटोटाइप और समाधानों के लाइव प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र हैं। उद्घाटन के बाद डॉ. मनोज सिंह और प्रभास दनसाना ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आरडीएसओ सहित विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का भ्रमण कर प्रदर्शित तकनीकों का अवलोकन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे आगंतुकों ने भी प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई।
स्मार्ट कोच से लेकर कवच तक पर होगा मंथन
इनोरेल इंडिया के दूसरे दिन 27 नवंबर को दो प्रमुख तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले सत्र में ‘डेवलपिंग नेक्स्ट-जेन स्मार्ट रोलिंग स्टॉक’ विषय पर अगली पीढ़ी के स्मार्ट रेल कोच और रोलिंग स्टॉक के विकास पर चर्चा होगी। इसमें हाइड्रोजन ट्रेन और एआई आधारित तकनीकी समाधानों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
दूसरे सत्र में ‘इमर्जिंग ऑपर्च्यूनिटीज इन द रेलवे वैल्यू चेन’ विषय के तहत रेलवे क्षेत्र में कारोबार और तकनीकी विकास की नई संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसमें रेलवे अवसंरचना का आधुनिकीकरण, डिजिटल परिवर्तन, हाईस्पीड रेल, सुरंग निर्माण, स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, कवच, टक्कररोधी तकनीक और कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे। तकनीकी सत्रों के साथ प्रश्नोत्तर और नेटवर्किंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया को मिलेगा प्रोत्साहन
तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्देश्य भारतीय रेलवे में स्वदेशी विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास तथा वैश्विक तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना है। 10 से अधिक देशों के 200 से ज्यादा प्रदर्शकों और 10 हजार से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों की संभावित भागीदारी वाला यह आयोजन रेलवे, उद्योग जगत, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साझा मंच उपलब्ध करा रहा है। इनोरेल इंडिया-2026 के जरिए मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को रेलवे क्षेत्र में आगे बढ़ाने के साथ भविष्य की रेल व्यवस्था के लिए नए तकनीकी विकल्पों और सहयोग की संभावनाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.