सरोजनीनगर बार चुनाव: 32 नामांकन से बढ़ी चुनावी तपिश, अध्यक्ष-महामंत्री पद पर एक-एक दावेदार
लखनऊ : सरोजनीनगर बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026-27 को लेकर अधिवक्ताओं के बीच चुनावी हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन विभिन्न पदों पर दावेदारी पेश करने के लिए अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अलग-अलग पदों के लिए कुल 32 नामांकन फार्म दाखिल किए गए। इनमें अध्यक्ष और महामंत्री पद पर फिलहाल एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन किया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें नाम वापसी और प्रत्याशियों की अंतिम सूची पर टिक गई हैं।
एल्डर कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिवाकर प्रसाद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार, 27 नवंबर को निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत अध्यक्ष, महामंत्री समेत विभिन्न पदों के लिए इच्छुक अधिवक्ताओं ने निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। पूरी प्रक्रिया एल्डर कमेटी की निगरानी में संपन्न कराई गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न पदों के लिए कुल 32 नामांकन फार्म प्राप्त हुए हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए एक और महामंत्री पद के लिए भी एक नामांकन शामिल है। अन्य पदों पर भी अधिवक्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है।
उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच एवं सत्यापन किया जा रहा है, जिससे चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को नाम वापसी का अवसर दिया जाएगा।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार शनिवार, 28 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे के पश्चात चुनाव कार्यालय में प्रत्याशियों की अंतिम सूची चस्पा कर दी जाएगी। अंतिम सूची जारी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर भी स्पष्ट हो जाएगी।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान एल्डर कमेटी के सदस्य अधिवक्ता आशीष कुमार श्रीवास्तव, विनय कुमार शुक्ला, एच.आर. रहमान, गौरव कुमार सिंह एवं डॉ. अनिल कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
32 नामांकन फार्म दाखिल होने के बाद सरोजनीनगर बार एसोसिएशन का चुनाव अधिवक्ताओं के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। अब शनिवार को नाम वापसी और अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने का इंतजार है, जिसके बाद चुनावी मुकाबले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.