नशे के मुकदमे में पेशी से बचता रहा आरोपी, अदालत के वारंट पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखनऊ : न्यायालय में विचाराधीन एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में लगातार पेशी से गैरहाजिर रहना एक आरोपी को भारी पड़ गया। अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के अनुपालन में महानगर पुलिस ने शुक्रवार को वांछित आरोपी प्रमोद कश्यप को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कश्यप (40) पुत्र स्वर्गीय गुरुदेव कश्यप, महानगर थाना क्षेत्र के बाबा का पुरवा नंबर-08 का निवासी है। उसके खिलाफ महानगर थाने में वर्ष 2020 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 06/20 दर्ज हुआ था। इस मामले की सुनवाई एडीजे-11/एनडीपीएस एक्ट न्यायालय में चल रही है।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी निर्धारित तारीखों पर न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। लगातार अनुपस्थित रहने के चलते न्यायालय ने उसके खिलाफ वाद संख्या 1798/22 में गैर-जमानती वारंट जारी किया था। वारंट की तामील के लिए सक्रिय हुई महानगर पुलिस टीम ने शुक्रवार, 27 नवंबर को उसके बताए गए निवास स्थान पर दबिश दी और सुबह करीब 10:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना महानगर के उपनिरीक्षक आलोक कुमार की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.