दुकान के बाहर शराब पीने से मना करना पड़ा भारी, तीन भाइयों पर दबंगों का हमला

लखनऊ :  कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में दुकान के बाहर शराब पीने का विरोध करना तीन भाइयों को भारी पड़ गया। नशे में धुत दबंगों ने विरोध करने पर तीनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमले में दो भाइयों के सिर फट गए, जबकि तीसरे को भी चोटें आईं। घायलों ने लोकबंधु अस्पताल में उपचार कराया। इसके बाद शनिवार को पीड़ित ने कृष्णानगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कृष्णानगर के बाराबिरवा स्थित संभलखेड़ा निवासी आशु रावत के मुताबिक, बीती 25 तारीख की रात करीब 11:30 बजे वह अपने घर के बाहर दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला रामू पुत्र ठाकुरदीन कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था, जबकि उसके कुछ अन्य साथी कार में शराब पी रहे थे। आशु ने दुकान के पास शराब पीने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी।

शोर सुनकर आशु के चचेरे भाई सोमेंद्र और अर्जुन भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि रामू और उसके साथियों ने तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। मारपीट में अर्जुन और सोमेंद्र के सिर फट गए और तीनों घायल हो गए। इसके बाद घायलों ने लोकबंधु अस्पताल में उपचार कराया।

पीड़ित आशु रावत ने शनिवार को कृष्णानगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.