घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी पिस्टल के साथ गिरफ्तार
लखनऊ : राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आशियाना पुलिस ने आरोपी को रिक्शा कॉलोनी के पास रेलवे लाइन किनारे से दबोचने में सफलता हासिल की। उसके कब्जे से 32 बोर की एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को आशियाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आदित्य प्रताप यादव (30) पुत्र चन्द्रदेव यादव उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 315/2026 धारा 75(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 27 नवंबर की रात करीब 10:50 बजे रिक्शा कॉलोनी के पास रेलवे लाइन के किनारे से आरोपी आदित्य प्रताप यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर की एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध हथियार मिलने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से ग्राम कृपालपुर, थाना धनघटा, जिला संतकबीर नगर का निवासी है और वर्तमान में इंदिरानगर, लखनऊ में रह रहा था। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम मेंं प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र यादव, प्रतीक सिंह, शिव प्रकाश सिंह, सुनील कुमार यादव और हेड कांस्टेबल विजेन्द्र कुमार वर्मा शामिल रहे।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.