शादी का झांसा देकर एक साल तक युवती का यौन शोषण, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ : राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का करीब एक साल तक यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शुक्रवार देर शाम बंगला बाजार स्थित काशाग्रीन मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और नेकबैंड भी बरामद किया है।

आशियाना थाना प्रभारी गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार पुत्र मुन्नालाल निवासी पूरेगोसाई लोहारपुर, थाना असंदरा, जिला बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब एक वर्ष तक थाना क्षेत्र स्थित एसकेओ समेत अन्य विभिन्न स्थानों पर उसका यौन शोषण किया। बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शनिवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.