स्कूल का ताला तोड़कर लाखों का सामान उड़ाने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार
लखनऊ : राजधानी के चारबाग स्थित बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज में ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को हुसैनगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विद्युत सब स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी करीब 21 वर्ष के हैं और चारबाग स्थित केकेसी महावीरपुरी के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीती 24 नवंबर को कॉलेज के प्रधानाचार्य उमाकांत बाजपेई ने हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर विद्यालय के दरवाजे और चैनल का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी। इसी क्रम में शनिवार, 28 नवंबर को हुसैनगंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कॉलेज में चोरी करने वाले तीन युवक चोरी का सामान विद्युत सब स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे हैं और उसे बेचने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को सुबह करीब 11:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ बाबूलाल पुत्र विनोद कुमार, आकाश सिंह पुत्र अनुप कुमार सिंह और शुभम पुत्र दिलीप गुप्ता निवासी केकेसी महावीरपुरी, चारबाग के रूप में हुई है।
झाड़ियों में छिपाकर रखा था चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो हिटैची कंपनी के विंडो एसी (आंशिक पार्ट निकले हुए), एक भारत कंपनी का घरेलू गैस सिलेंडर, एक एडवांस कंपनी का सूक्ष्मदर्शी, दो बड़े पंखे, इस्तेमाल किया हुआ एल्युमिनियम वायर, एक टोटी और एसी का कॉपर वायर बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाले हथौड़ा, छेनी, प्लास और पेचकस भी बरामद किए गए हैं।
कबाड़ियों को बेच दिया था कुछ सामान
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों ने मिलकर 24 नवंबर की रात कॉलेज के दरवाजे और चैनल का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए कुछ सामान को झाड़ियों में छिपा दिया था, जबकि बाकी सामान राह चलते कबाड़ियों को बेच दिया था। बिक्री से मिले रुपये भी खर्च कर दिए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश सिंह के खिलाफ हुसैनगंज थाने में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह, उपनिरीक्षक मुरलीधर मिश्रा, अवनीश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल आशीष शुक्ला, कांस्टेबल सरोज कुमार और राघवेन्द्र कुमार शामिल रहे।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.