थार सवार दबंगों का गांव में तांडव, घर पर चढ़कर दी छह गोलियां मारने और आग लगाने की धमकी
लखनऊ : राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों के हौसले बुलंद नजर आए। बाकीनगर मजरा जिन्दौर गांव में काली थार सवार आधा दर्जन लोगों पर एक परिवार को धमकाने और उसके दो बेटों को घेरकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। आरोप है कि दबंगों ने घर पर चढ़कर न केवल जमकर गाली-गलौज की, बल्कि परिवार के चार लोगों के सीने में छह-छह गोलियां उतारने और घर में आग लगाने की धमकी भी दी। इसके बाद रास्ते में घेरकर दो सगे भाइयों को बेल्ट, लोहे की रॉड और लात-घूंसों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। दोनों घायलों के सिर फट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित लक्ष्मीनारायण पुत्र स्वर्गीय गंगादीन निवासी बाकीनगर मजरा जिन्दौर के मुताबिक, 28 नवंबर की शाम करीब चार बजे रामजीत, दिलीप, रामौतार, दीपक, रवि, अमरजीत और अमन मौर्य समेत अन्य लोग काली थार से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर पुरानी रंजिश में गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए परिवार को गोलियों से भूनने तथा घर में आग लगाने की बात कही।
पीड़ित के अनुसार, घटना की शिकायत करने के लिए जब वह थाने जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसके बेटे दिनेश चौरसिया को दरोगा की चक्की के पास घेर लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर लात-घूंसों, बेल्ट और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे छोटे बेटे महेंद्र चौरसिया को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसे भी जमकर पीटा। हमले में दोनों भाइयों केसर फट गए और उन्हें काफी चोटें आईं हैं, जिसमें दिनेश चौरसिया के सिर में गंभीर चोट आई है।
पांच धाराओं में मुकदमा, कार्रवाई पर उठाए सवाल
मामले में लक्ष्मीनारायण की तहरीर पर रहीमाबाद पुलिस ने 28 नवंबर की रात 8:37 बजे एफआईआर संख्या 0196/2026 दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर थार समेत तीन हमलावरों को हिरासत में लेते हुए अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
हालांकि, पीड़ित पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उसका आरोप है कि इतनी गंभीर घटना, जान से मारने की धमकी और लोहे की रॉड से किए गए हमले के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पीड़ित का कहना है कि हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले में लीपापोती की जा रही है। उसने आरोपियों के आपराधिक इतिहास का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि दो लोगों को लहूलुहान करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोपों पर पुलिस कितनी गंभीरता दिखाती है? पीड़ित परिवार न्याय और सुरक्षा की गुहार लगा रहा है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.