हस्तशिल्प महोत्सव में दिखेगी भारत की संस्कृति और शिल्पकला की झलक, डिप्टी सीएम ने किया भव्य शुभारंभ
लखनऊ : राजधानी के आशियाना स्थित कांशीराम सांस्कृतिक स्थल, स्मृति उपवन में रविवार को हिन्दुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव-2026 का भव्य आगाज हुआ। माँ गायत्री जन सेवा संस्थान एवं नीशू वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने फीता काटकर किया। शुभारंभ अवसर पर गंगा आरती ने समारोह को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। पूरा परिसर भारतीय लोककला, संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प के रंगों से सराबोर नजर आया।
29 नवंबर 2026 से 3 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस महोत्सव में भारतीय कला, संस्कृति और पारंपरिक शिल्प को एक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य शिल्पकारों और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के नए रास्ते खोलना तथा आत्मनिर्भर भारत और एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इसके अलावा महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, एमएलसी पवन सिंह चौहान, विधायक डॉ. नीरज बोरा, मुकेश शर्मा, ओपी श्रीवास्तव, राकेश प्रताप सिंह, योगेश शुक्ला, अमरेश कुमार रावत, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, वरिष्ठ समाजसेविका नम्रता पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
आयोजक अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि हिन्दुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव भारतीय कला, संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भरता को एक मंच पर लाने का प्रयास है। उन्होंने आमजन से महोत्सव में पहुंचकर देश के शिल्पकारों और कारीगरों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
समारोह में उपाध्यक्ष रणवीर सिंह, हेमू चौरसिया, गुंजन वर्मा, मोनालिसा और रोली सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. अनीता सहगल वसुंधरा ने किया।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.