अब किसी दल के पीछे नहीं, अपने नेता के साथ चलेगा स्वर्णकार समाज, विधानसभा चुनाव में मांगी राजनीतिक हिस्सेदारी

लखनऊ :  उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर स्वर्णकार समाज ने अपनी राजनीतिक भागीदारी मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित दारुल सफा के कॉमन हॉल में आयोजित समाज की बैठक में राजनीतिक हिस्सेदारी और विधानसभा चुनाव में समाज के प्रतिनिधियों को टिकट दिलाने के मुद्दे पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से करीब 50 सामाजिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर राजनीतिक भागीदारी को लेकर एकजुटता दिखाई।

बैठक में स्वर्णकार समाज की एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। यह समिति विभिन्न राजनीतिक दलों से संपर्क कर समाज के योग्य और सक्रिय दावेदारों को विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने के लिए पैरोकारी करेगी। इसके साथ ही शामली, भदोही, देवरिया, लखनऊ, कौशाम्बी, बहराइच, वाराणसी, आगरा और संत कबीरनगर समेत विभिन्न जनपदों में राजनीतिक संघर्ष कर रहे समाज के संभावित विधानसभा प्रत्याशियों की सूची भी तैयार की गई।

बैठक में समाज की राजनीतिक रणनीति को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वर्णकार समाज किसी राजनीतिक दल का बंधुआ नहीं है। अब समाज किसी दल के पीछे चलने के बजाय अपने समाज के नेतृत्व और प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देगा। जो राजनीतिक दल स्वर्णकार समाज को सम्मान और उचित राजनीतिक भागीदारी देगा, समाज भी उसी दल को सम्मान देगा।

बैठक में आकाश वर्मा, रवि सर्राफ, विवेक प्रेमी, मनीष कुमार वर्मा, नितिन वर्मा, पंकज वर्मा, कन्हैया लाल वर्मा, कुंदन वर्मा, पीएल सोनी, देवेंद्र प्रताप सिंह, शक्ति सेठ, जितेंद्र वर्मा, राजेश सोनी, अवधेश सोनी, कमलेश रस्तोगी और कृष्ण कुमार सोनी सहित कई सामाजिक प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए निर्णयों को आगामी विधानसभा चुनाव में स्वर्णकार समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।


 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.