लखनऊ ने रचा इतिहास! स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में मिला पहला स्थान
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने प्रदूषण के खिलाफ जंग में इतिहास रच दिया है! लगातार हुई झमाझम बारिश और कड़े प्रशासनिक कदमों के बूते लखनऊ ने 'मिलियन प्लस सिटी' श्रेणी में 'स्वच्छ वायु सर्वेक्षण' का पहला ताज अपने नाम कर लिया है। जी हां कल तक जो लखनऊ प्रदूषण से कराह रहा था, आज उसकी आबो-हवा ने देश के सबसे साफ शहर इंदौर तक को कड़ी टक्कर दे दी है।
हालांकि, लखनऊ की वायु गुणवत्ता हमेशा ऐसी नहीं रही। जून में शहर गंभीर प्रदूषण की चपेट में था। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल और मई में लखनऊ में PM 2.5 का स्तर 73.8 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया था। अब मॉनसून और लगातार बारिश के चलते प्रदूषण में बड़ी कमी आई है। ऐसे में स्वच्छता में सालों से नंबर-1 रहे इंदौर और भोपाल के एकाधिकार को तोड़ते हुए अब लखनऊ भी देश की सबसे शुद्ध हवा वाले शहरों की लिस्ट में टॉप पर छा गया है।
मॉनसून की मेहरबानी और शहर में हरियाली-सफाई के अभियानों ने हवा में घुले जहर को पूरी तरह से धो डाला है। ऐसे में देखा जाए तो चर्चा का विषय बना यह बदलाव साबित करता है कि अगर ठान लिया जाए, तो 'प्रदूषित' का टैग हटाकर 'सबसे साफ शहर' का तमगा हासिल करना कोई मुश्किल काम नहीं है। लखनऊ की यह ताजी और चमकदार हवा अब पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक नई मिसाल बन चुकी है!
No Previous Comments found.