कांग्रेस कार्यालय में जूतों से विरोध! अजय राय के समर्थकों का हंगामा

लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय पर उस वक्त हंगामा हो गया, जब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और ममता चौधरी के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों के बीच जमकर विरोध हुआ। इस दौरान समर्थकों के बीच झगड़े और मारपीट की भी बात सामने आई है। कुछ समर्थक हाथों में जूते लेकर विरोध जताते नजर आए।

दरअसल, रविवार को यूपी कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। आरोप है कि वहां ममता चौधरी की तरफ से अजय राय को लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हंगामा शुरू हो गया।

‘कौन अध्यक्ष?’ कहने पर बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कांग्रेस कार्यालय में भीड़ के बीच अजय राय के समर्थकों ने कहा, “अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए।” इस पर ममता चौधरी की तरफ से कथित तौर पर पूछा गया, “कौन अध्यक्ष?” इसके बाद दोनों गुटों के बीच कहासुनी बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद ने झगड़े और मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान जूता फेंके जाने की बात भी सामने आई है।

अजय राय ने वरिष्ठ नेताओं से की शिकायत

घटना के बाद अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की। अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं और इनके पार्टी में रहने से माहौल बिगड़ेगा। उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की।

बताया जा रहा है कि अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल, कांग्रेस मुख्यालय में हुए इस हंगामे को लेकर पार्टी के भीतर विवाद सामने आया है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.