शराब के नशे में पड़ोसी का तांडव, साइकिल तोड़ी, पूरे परिवार को पीटा; बेटी से छेड़छाड़ का आरोप

लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में शराब के नशे में एक पड़ोसी युवक पर पूरे परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और युवती से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि युवक ने पहले घर के बाहर खड़ी साइकिल पटककर तोड़ दी और विरोध करने पर परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दामोदर नगर निवासी पीड़ित के मुताबिक, 9 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे पड़ोस में रहने वाला रोहित शुक्ला मोटरसाइकिल से आया। आरोप है कि शराब के नशे में वह जोर-जोर से पैर मारने लगा और घर के बाहर खड़ी साइकिल को उठाकर पटक दिया, जिससे वह टूट गई। आवाज सुनकर जब पीड़ित और उनके परिजन घर से बाहर निकले तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।

पीड़ित का आरोप है कि हमले में उनके घुटने में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे, विधवा बेटी और बहू को भी आरोपी ने पीटा तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी पर बेटी के साथ छेड़छाड़ करने और उसके कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित परिवार ने बचाव के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया। आरोप है कि पुलिस को सूचना देने की जानकारी होने पर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित ने कृष्णानगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।

कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 रिपोर्टर – राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.