लखनऊ में Gen-अल्फा का चक्काजाम! किताबें लेकर सड़क पर उतरे सैकड़ों बच्चे
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों का अनोखा और उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। हाथों में किताबें और तख्तियां लेकर Gen-अल्फा यानी स्कूली बच्चे अपने हक की आवाज उठाने सड़क पर उतर आए। मामला पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर चौराहे का है, जहां जय नारायण स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने चक्काजाम कर दिया।
छात्रों का आरोप था कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं, जिसकी वजह से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बच्चों के मुताबिक मुख्य विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से कोर्स पूरा नहीं हो पाया है, जबकि परीक्षाएं नजदीक हैं। छात्रों का कहना था कि प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।
सुबह स्कूली पोशाक में बड़ी संख्या में बच्चों के सड़क पर बैठने से बुद्धेश्वर चौराहे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इसी दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला कन्नौज की ओर जा रहा था। बच्चों का प्रदर्शन देखकर मंत्री ने अपनी गाड़ी रुकवाई और सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर सीधे छात्रों के बीच पहुंचे। उन्होंने सड़क पर ही बच्चों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री असीम अरुण ने बच्चों से कहा कि उनकी नाराजगी जायज है, लेकिन सड़क जाम करने से उनकी पढ़ाई का और समय खराब होगा। इसके बाद मंत्री ने मौके से ही शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात की और जय नारायण स्कूल में शिक्षकों की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट तलब की।
मंत्री ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द वैकल्पिक और स्थायी शिक्षकों की तैनाती कराई जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। मंत्री के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और सड़क खाली कर वापस स्कूल लौट गए।
No Previous Comments found.