लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास धंसी सड़क, गड्ढे में समाई बाइक; मचा हड़कंप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के बाद सड़क धंसने की एक गंभीर घटना सामने आई है। लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे करीब 10 से 12 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया। इस दौरान एक युवक गड्ढे में जा गिरा, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं, एक मोटरसाइकिल भी गड्ढे में समा गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया। क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद गड्ढे में गिरी मोटरसाइकिल को बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि लखनऊ में हुई भारी बारिश के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क पर बारिश का पानी भी जमा था, जिसके चलते स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो गई। देखते ही देखते सड़क पर करीब 10 से 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसी दौरान एक युवक गड्ढे में गिर गया। उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हालांकि, उसकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना के दौरान एक मोटरसाइकिल भी गड्ढे में जा गिरी। मोटरसाइकिल किस तरह और किस स्थिति में गड्ढे में गिरी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बताया गया कि घटना के वक्त वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था।

नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से मोटरसाइकिल को बाहर निकाला। कई प्रयासों के बाद बाइक को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। गहरा गड्ढा बनने के बाद सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सुरक्षा को देखते हुए रास्ते को बंद कर दिया गया। मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीमें मौजूद रहीं और गड्ढे को भरने का काम शुरू किया गया।

लखनऊ यूनिवर्सिटी जैसे प्रमुख इलाके के पास सड़क धंसने की इस घटना ने राजधानी में सड़क निर्माण और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब होने और इतना बड़ा गड्ढा बनने से पहले प्रशासन की नजर इस पर क्यों नहीं गई।

बारिश के बाद सड़क धंसने की घटना ने यह भी दिखा दिया कि जलभराव और सड़कों के रखरखाव को लेकर प्रशासन के सामने अभी भी बड़ी चुनौतियां हैं। फिलहाल नगर निगम की टीमें गड्ढे को भरने और सड़क को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.