लखनऊ होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर समरीन की मौत, साथी युवक फरार
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स न्यू हजरतगंज के होटल सेलेश्टियल में सोमवार शाम एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय समरीन की जान चली गई। घटना के बाद होटल परिसर में अफरातफरी मच गई, जबकि युवती के साथ मौजूद युवक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए न्याय की मांग की है। पुलिस हादसे, आत्महत्या और आपराधिक साजिश समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान चौक इलाके की रहने वाली समरीन के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह सोमवार सुबह करीब 11 बजे छोटी बहन हबीबा के लिए कपड़े खरीदने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद करीब 11:46 बजे वह सुल्तानपुर निवासी अवनीश के साथ होटल पहुंची। दोनों होटल के कमरा नंबर 1037 में ठहरे थे। शाम करीब छह बजे समरीन 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद अवनीश मौके से फरार हो गया।
चार महीने से परेशान करने का आरोप
समरीन के मौसा मोहम्मद शकील ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का दावा है कि आरोपी पिछले चार महीने से समरीन के पीछे पड़ा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। मौसा के मुताबिक, समरीन नखास में कपड़े लेने गई थी, जहां से आरोपी कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर होटल ले गया। परिवार को आशंका है कि समरीन की जान लेने के बाद मामले को दूसरा रूप देने के लिए उसे 10वीं मंजिल से नीचे फेंका गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मां ने रोते हुए मांगा इंसाफ
समरीन की मौत से परिवार में मातम पसरा है। उसकी मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने भावुक होकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उनकी बेटी युवक से प्यार करती थी, तो उससे शादी कर लेता, उसकी जान क्यों ली गई? परिवार के मुताबिक, समरीन पांच बहनों और दो भाइयों में से एक थी। उसके दोनों भाई विदेश में जरदोजी का काम करते हैं। बड़ा भाई इमरान सऊदी अरब और छोटा भाई आमिर ओमान में रहता है। पिता की करीब 16 साल पहले मुंबई में मौत हो गई थी। इसके बाद से समरीन अपनी मां और बहनों के साथ रह रही थी।
वैवाहिक जीवन में भी चल रहा था विवाद
परिजनों के अनुसार, समरीन की शादी करीब छह साल पहले चौपटिया की तंबाकू मंडी के पास हुई थी। शादी के बाद उसके एक बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन छह महीने की उम्र में ही उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि शादी के करीब एक साल बाद से ही पति के साथ विवाद चल रहा था और मामला अदालत में लंबित था। मंगलवार को इस मामले में पेशी भी होनी थी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतका और युवक की पृष्ठभूमि, कॉल डिटेल्स और उनके आपसी संबंधों की पड़ताल कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती की मौत हादसा थी, आत्महत्या या फिर किसी आपराधिक साजिश का नतीजा।
परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।

No Previous Comments found.