लखनऊ से रतलाम तक मातम! दो सड़क हादसों में 8 लोगों की मौत

लखनऊ और रतलाम से शनिवार को दो दर्दनाक सड़क हादसों की खबर सामने आई है। लखनऊ में अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि रतलाम में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर कार और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की जान चली गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास सुबह ईंट-भट्ठे के मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

वहीं, रतलाम में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि एक परिवार कार से झाबुआ से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक सड़क पर खड़ा था। कार चालक ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने खड़े ट्रक से जा टकराई।

हादसा इतना भीषण था कि तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में तीन साल की बच्ची और 10 साल का बच्चा भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.