15 अगस्त को लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों पर जाने से पहले जान लें नियम
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को लखनऊ के जनभवन में झंडारोहण और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में वीआईपी और अन्य अतिथियों के शामिल होने के चलते जनभवन और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इन रास्तों पर निकलने से पहले डायवर्जन व्यवस्था का ध्यान रखें।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को जनभवन में सुबह 8 बजे झंडारोहण कार्यक्रम होगा। इसके अलावा शाम 4 बजे स्वल्पाहार कार्यक्रम प्रस्तावित है। दोनों कार्यक्रमों के दौरान वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के कारण आसपास के मार्गों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा।
बंदरियाबाग चौराहे से जनभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहन गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
लालबत्ती चौराहे से प्रेरणा केंद्र तिराहा, एनेक्सी तिराहा और सिसेंडी तिराहा की ओर भी सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को बंदरियाबाग चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
हजरतगंज चौराहे से डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को पार्क रोड चौराहा होकर आगे जाना होगा। वहीं रॉयल होटल चौराहे से सिसेंडी तिराहा, डीएसओ चौराहा, एनेक्सी तिराहा और प्रेरणा केंद्र तिराहा की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। इन वाहनों को हजरतगंज चौराहा या बलिंग्टन चौराहा की ओर भेजा जाएगा।
15 अगस्त को डीएसओ चौराहा से पार्क रोड चौराहा और पार्क रोड चौराहा से हजरतगंज चौराहा तक एकल मार्ग व्यवस्था भी निलंबित रहेगी। यानी इन हिस्सों में सामान्य दिनों की तरह वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू नहीं होगी।
ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि चिकित्सकीय आपात स्थिति में और कोई वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं होने पर एंबुलेंस समेत आवश्यक आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधित मार्ग से जाने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, यह व्यवस्था मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस या स्थानीय पुलिस के निर्देशों के अनुसार होगी।
स्वतंत्रता दिवस पर हजरतगंज और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को जनभवन, डीएसओ चौराहा, बंदरियाबाग, हजरतगंज और रॉयल होटल चौराहे के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। जरूरी होने पर डायवर्जन मार्ग को ध्यान में रखकर घर से निकलें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।
No Previous Comments found.