लखनऊ एयरपोर्ट पर दो करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, बैंकाक से आया भारतीय यात्री गिरफ्तार-
लखनऊ एयरपोर्ट पर दो करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, बैंकाक से आया भारतीय यात्री गिरफ्तार-
लखनऊ — चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकाक से आए एक भारतीय यात्री के पास से 5.88 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
एआईयू को पहले से ही खुफिया सूचना मिली थी कि बैंकाक से लखनऊ के लिए हाइड्रोपोनिक गांजे की एक खेप लाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर रविवार देर रात सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। रात करीब 12:15 बजे फ्लाई दुबई की उड़ान एफडी-146 जैसे ही लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची, संदिग्ध यात्रियों पर कड़ी नजर रखी गई।
जांच के दौरान एक भारतीय यात्री पर अधिकारियों को शक हुआ। पूछताछ के बाद उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, जिसमें बिस्कुट रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले आठ डिब्बे पाए गए। जब इन डिब्बों को खोलकर देखा गया तो उनके अंदर पॉलिथीन में पैक हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ मिला।
मौके पर ही फील्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट से जांच करने पर यह पदार्थ गांजा/मारिजुआना पाया गया, जिसे हाइड्रोपोनिक वीड के रूप में पहचाना गया। इसके बाद यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
सामान्य गांजे की तुलना से महंगा है हाइड्रोपोनिक गांजा-
अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में अधिक महंगा और उच्च गुणवत्ता का होता है, जिसकी मांग बड़े शहरों और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क में काफी अधिक है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी संगठित तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां सप्लाई किया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। एआईयू और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही हैं।


No Previous Comments found.