लखनऊ ट्रिपल मर्डर में बड़ा एक्शन: SHO और चौकी प्रभारी सस्पेंड

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में सोमवार को कार पार्किंग के मामूली विवाद में तीन लोगों की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने मामले की गंभीरता और पुलिसिया लापरवाही को देखते हुए सआदतगंज थाना प्रभारी (SHO) संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कार पार्किंग विवाद में चलीं गोलियां, RSS कार्यकर्ता समेत 3 की मौत

घटना सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला की है, जहाँ सोमवार को एक खाली प्लॉट पर कार खड़ी करने को लेकर तिवारी परिवार और आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला सह-कार्यवाह शिवाजी तिवारी, शिवेंद्र तिवारी (55) और सुयश तिवारी (30) की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई।

मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला गिरफ्तार, आलाकत्ल पिस्तौल बरामद

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी 30 वर्षीय ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और चार खाली खोखे भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है। मृतक शिवेंद्र तिवारी की पत्नी रुचि तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

परिजनों और भाजपा नेताओं का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद बीजेपी नेताओं और आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और त्वरित न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.