नशे के खिलाफ इस जंग में सभी मिलकर साथ दें - नीलांबरी जगदाले DIG

लुधियाना : पंजाब सरकार की "युद्ध नशे के खिलाफ" मुहिम के तहत लुधियाना रेंज पुलिस ने नशा तस्करी और सेवन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को डीआईजी निलांबरी जगदाले, आईपीएस, लुधियाना रेंज ने एसएसपी लुधियाना (ग्रामीण) डॉ. अंकुर गुप्ता, एसएसपी शहीद भगत सिंह नगर डॉ. महिताब सिंह और एसएसपी खन्ना डॉ. ज्योति यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस अभियान की उपलब्धियां साझा कीं। डीआईजी ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर लुधियाना (ग्रामीण), खन्ना और शहीद भगत सिंह नगर जिलों में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पंजाब पुलिस के जवान से लेकर डीजीपी रैंक तक के अधिकारी इस मुहिम में जुटे हैं। अगस्त 2024 में शुरू की गई "सेफ पंजाब हेल्पलाइन नंबर 97791-00200" पर अब तक 175 कॉल्स (लुधियाना ग्रामीण-61, खन्ना-60, शहीद भगत सिंह नगर-54) प्राप्त हुईं, जिसके आधार पर तस्करों पर शिकंजा कसा गया। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाती है, जिससे जनता बेझिझक सहयोग कर रही है। "प्रोजेक्ट संपर्क" के तहत स्कूल-कॉलेज के छात्रों, ट्रक-टैक्सी ड्राइवरों और विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन प्रयासों से जनता में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ी और पुलिस पर भरोसा मजबूत हुआ। कई युवाओं ने स्वेच्छा से नशा छोड़ने का फैसला लिया। अब तक 47 युवाओं को नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती कराया गया, जिनमें से 42 ने नशा छोड़कर पुनर्वास पूरा कर लिया है। लुधियाना (ग्रामीण) में 8, खन्ना में 25 और शहीद भगत सिंह नगर में 14 युवाओं को भर्ती कराया गया। 1 जनवरी से 2025 से 3 मार्च 2025 तक कुल 479 मामले दर्ज कर 632 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 4.689 किलो हेरोइन, 14.382 किलो अफीम, 272.806 किलो भुक्की, 13.37 किलो गांजा, 37 ग्राम स्मैक, 5 किलो चरस, 26,593 नशीली गोलियां, 30 ग्राम आइस, 27.58 किलो पोपी प्लांट, और 3,19,400 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। लुधियाना रेंज के अंतर्गत 12 कुख्यात तस्करों (लुधियाना ग्रामीण-3, खन्ना-5, शहीद भगत सिंह नगर-4) को भी जेल भेजा गया। लुधियाना (ग्रामीण) में मार्च 2024 में 64 लोग नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती थे, जो मार्च 2025 तक बढ़कर 153 हो गए। पुनर्वासित युवाओं की संख्या 7 से बढ़कर 20 हुई। OOAT केंद्रों में रजिस्टर्ड मरीज 350 से बढ़कर 1150 हो गए। शहीद भगत सिंह नगर में मार्च 2025 में OPD में 1421 मरीज पहुंचे, जबकि IPD में भर्ती 56 हुई। खन्ना में नशा मुक्ति केंद्रों में इलाज लेने वालों की संख्या में 50% की बढ़ोतरी हुई। पुलिस ने खेल टूर्नामेंट और संपर्क बैठकों के जरिए युवाओं को प्रेरित किया। लुधियाना (ग्रामीण) में 271, खन्ना में 460 और शहीद भगत सिंह नगर में 223 संपर्क बैठकें हुईं। 98 नशा प्रभावित गांवों/वार्डों को नशा मुक्त करने के लिए पंचायतों ने प्रस्ताव पारित किए। डीआईजी निलांबरी जगदाले ने कहा, "नशे के खिलाफ यह जंग हमारी साझा जिम्मेदारी है। पुलिस और जनता का सहयोग नशा मुक्त पंजाब के सपने को हकीकत में बदल रहा है। तस्करों पर कार्रवाई और युवाओं का पुनर्वास इस अभियान की मजबूती का सबूत है।
रिपोर्टर : विकास निर्वाण
No Previous Comments found.