हॉस्पिटल की लापरवाही से महिला की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
लुधियाना : शहर के शिल्पी अस्पताल में डॉक्टरों की कथित लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ पित्त की पथरी का इलाज करवाने आई पुष्पा नामक महिला की हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की कोताही की वजह से महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
मृतक महिला के बेटे भारत सांखला ने बताया कि उसकी माता को पित्त की पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक स्टंट डाला गया था। आरोप है कि वह स्टंट डेढ़ साल तक निकाला ही नहीं गया, जिससे महिला के शरीर में इन्फेक्शन फैल गया और उनकी हालत खराब हो गई। जब परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से इस बारे में बात की, तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने के बजाय मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरे अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
मां की मौत के बाद न्याय की गुहार लगाने कोतवाली पहुंचे परिजनों को वहां भी निराशा हाथ लगी। मृतका के बेटे का कहना है कि वे तीन-चार घंटे तक कोतवाली के बाहर खड़े रहे, लेकिन चौकी इंचार्ज ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि जब तक अस्पताल की ओर से कोई लिखा-पढ़ी नहीं आती, वे शिकायत दर्ज नहीं कर सकते।
कोतवाली के बाहर रोते हुए बेटे भारत ने अस्पताल प्रशासन पर सीधा आरोप लगाया कि उनकी नाकामी ने उसकी मां की जान ली है। पीड़ित परिवार ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और शिल्पी अस्पताल के दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि किसी और परिवार के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो।
रिपोर्टर : विकास निर्वाण

No Previous Comments found.