मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में अनुकम्पा नियुक्ति पर विवाद, नियमों की अनदेखी के आरोप

मानपुर : अंबागढ़ चौकी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में अनुकम्पा नियुक्ति को लेकर एक विवाद सामने आया है। मामले में आरोप लगाया जा रहा है कि विभाग द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए मृत कर्मचारी के पुत्र को अनुकम्पा नियुक्ति दे दी गई, जबकि उसकी माता पहले से ही शासकीय सेवा में कार्यरत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के निधन के पश्चात उनके आश्रित पुत्र को अनुकम्पा आधार पर नौकरी प्रदान की गई। जबकि प्रचलित शासकीय नियमों के तहत यदि माता और पिता दोनों ही सरकारी सेवा में हों, तो किसी एक की मृत्यु की स्थिति में आश्रित को अनुकम्पा नियुक्ति का लाभ नहीं दिया जाता। इस प्रावधान का उद्देश्य उन परिवारों को प्राथमिकता देना है जिनकी आजीविका पूरी तरह से प्रभावित हो जाती है।
मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि यदि नियमों की अनदेखी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक और पात्र हितग्राहियों के अधिकार प्रभावित न हों।
वहीं, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर  : आफ़ताब खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.