दुर्गीपट्टी में महिला पुलिसकर्मी की कर्तव्यनिष्ठा: ठिठुरन भरी ठंड में ड्यूटी के साथ मातृत्व का निर्वाह

मधुबनी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को लेकर गुरुवार को दुर्गीपट्टी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इन इंतजामों के बीच एक महिला पुलिसकर्मी ने ठंड और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ड्यूटी निभाते हुए मातृत्व का जो उदाहरण पेश किया, उसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। महिला पुलिसकर्मी अपने दूधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर सुरक्षा व्यवस्था संभालती नजर आईं। एक हाथ में बच्चे को संभालते हुए और दूसरे हाथ से ड्यूटी पर मुस्तैद रहते हुए, उन्होंने अपने कर्तव्य और मातृत्व दोनों का बेहतरीन संतुलन दिखाया। महिला पुलिसकर्मी ने बताया कि घर पर बच्चे को छोड़ने का कोई विकल्प नहीं था, लेकिन उन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हुए बच्चे के साथ ड्यूटी निभाने का निर्णय लिया। ठिठुरन भरी ठंड और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय रही। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने महिला पुलिसकर्मी के इस समर्पण और साहस की प्रशंसा की। यह दृश्य सिर्फ मातृत्व का भावुक पहलू ही नहीं दिखाता, बल्कि यह कार्यक्षेत्र में महिलाओं के संघर्ष और उनकी प्रतिबद्धता को भी उजागर करता है। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा में विकास और बदलाव के संदेशों के साथ यह घटना महिलाओं की ताकत और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी।

रिपोर्टर : इज़हार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.