मदनापुर समाधान दिवस पर पंद्रह में से तीन शिकायतों का हुआ निस्तारण शाहजहांपुर में पुलिस सक्रिय, राजस्व विभाग पर टालमटोल के आरोप

मदनापुर : शाहजहांपुर के मदनापुर थाने में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया
गया। हालांकि, फरियादियों ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए टालमटोल के आरोप लगाए।
 समाधान दिवस में पुलिस, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे, जहां क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, अवैध कब्जा, पारिवारिक विवाद, मार्ग, जल निकासी और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी स्थानीय समस्याएं शामिल थीं। शेष 12 लंबित मामलों के लिए पुलिस और लेखपालों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक थाना मदनापुर सत्यप्रकाश सिंह और कानूनगो ने संबंधित लेखपालों तथा हल्का प्रभारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया। पुलिस संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को भी दिशा-निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान कुछ फरियादियों ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि पुलिस जहां मौके पर सक्रियता दिखाती है, वहीं राजस्व मामलों में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखती। इससे छोटे विवाद भी लंबे समय तक लंबित रहते हैं और बाद में तनाव बढ़ जाता है।
कुछ फरियादियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ राजस्व कर्मी केवल औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराने तक सीमित रहते हैं। समाधान दिवस 
के दौरान कुछ लेखपालों की अनुपस्थिति और कुछ के विलंब से पहुंचने की चर्चा भी फरियादियों के बीच रही, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।
थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों का पारदर्शी और नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। इसके बावजूद, यह सवाल बना हुआ है कि यदि जिम्मेदार विभाग समाधान दिवस में ही समय पर और पूरी तैयारी के साथ उपस्थित न हों, तो आम आदमी को 'समाधान' का भरोसा कितना और कब तक मिल पाएगा।

रिपोर्टर : महेश दिवेदी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.