विद्यालय में कैंसर जागरुकता अभियान का हुआ आयोजन

महाराजगंज - मदर मरियम ग्लोबल स्कूल, कोल्हुई, महाराजगंज में केयरिंग सोल्स फाउंडेशन (एनजीओ) की तरफ से कैंसर जागरुकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कैंसर के बारे में जागरुक किया गया और उन्हें इसके लक्षणों, कारणों और उपचार विकल्पों के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बतौर एनजीओ सदस्य एवं विशेषज्ञ उपस्थित शबाब अहमद ने विद्यार्थियों को कैंसर के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया और उन्हें कैंसर के लक्षणों को पहचानने के लिए जागरुक किया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को साल में एक बार अपने खून की जाँच अवश्य करवानी चाहिए। उनकी संस्था केयरिंग सोल्स फाउंडेशन हमेशा जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए तत्पर रहती है। विद्यालय की निदेशिका डॉ. मीना अधमी ने विद्यार्थियों को घर में बने हुए पौष्टिक भोजन को ग्रहण करने तथा बाहरी खाद्य पदार्थों का त्याग करने के लिए प्रेरित किया। प्रबंधक इं. समीर अधमी ने उत्तम स्वास्थ्य को प्राप्त करने के लिए संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम को आवश्यक बताया। प्रधानाचार्या हर्षलता शर्मा ने बताया कि दैनिक साफ-सफाई से हम बीमारियों को दूर भगा सकते हैं। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। अंत में विद्यार्थियों को कैंसर जागरुकता के बारे में जानकारी देने वाले पैम्फलेट्स वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों तथा समाज में कैंसर के बारे में जागरुकता फैलाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान उप प्रधानाचार्य अमित अग्रवाल, अहमद हुसैन खान सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - अंगद शर्मा
No Previous Comments found.