खाद गोदाम का कृषि मंत्री ने किया औचक निरीक्षण
महाराजगंज - प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार की देर रात सिसवा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत सबयां के बढ़या स्थित मनीष ट्रेडिंग कंपनी खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया और उर्वरक वितरण व्यवस्था का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सबसे पहले गोदाम के प्रोपराइटर संतोष जायसवाल से खाद की उपलब्धता और मूल्य संबंधी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने फुटकर विक्रेताओं को उपलब्ध कराए जा रहे यूरिया की दरों को लेकर रिटेल विक्रेताओं से मोबाइल पर सीधी बातचीत की और वस्तुस्थिति जानी। कृषि मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों से उर्वरक के नाम पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त मूल्य वसूलना कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी विक्रेता के विरुद्ध शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और समय से उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ संयुक्त कृषि निदेशक गोरखपुर मंडल अरविंद सिंह, उपनिदेशक कृषि महराजगंज, जिला कृषि अधिकारी और सिसवा के परगना अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया


No Previous Comments found.