पहल सामाजिक संस्था का मानवीय प्रयास 400 से अधिक जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल
महाराजगंज : पहल सामाजिक संस्था द्वारा एक बार फिर सेवा और संवेदना की मिसाल पेश की गई। संस्था समय–समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर करती आ रही है। इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम ग्राम सभा पकड़ी चौबे में संपन्न हुआ, जहां कड़ाके की ठंड से राहत देने के उद्देश्य से 400 से अधिक जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। वितरण को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए क्षेत्र के आसपास के जरूरतमंद लोगों को पहले से चिन्हित कर पिछले दो दिनों में टोकन दिए गए थे। टोकन के आधार पर निर्धारित स्थल पर एकत्रित लोगों को संस्था के सदस्यों द्वारा कंबल प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष पंडित अवधेश चौबे, सचिव डॉ. पंकज तिवारी, कोषाध्यक्ष विवेक चौरसिया के साथ ही सोमनाथ चौरसिया, शिवजी सोनी, आलोक शर्मा, शुभ्रा सिंह जायसवाल, रोशनी केशरी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। वहीं, कार्यक्रम में भाजपा नेता धीरज तिवारी की उपस्थिति ने आयोजन को और गरिमा प्रदान की।
गौरतलब है कि पहल सामाजिक संस्था इससे पूर्व भी समाजसेवा के कई उल्लेखनीय कार्य कर चुकी है। संस्था द्वारा बाढ़ पीड़ितों की सहायता, बालिकाओं के लिए निःशुल्क शिक्षा, कैंसर मरीजों को आर्थिक सहयोग, अनाथाश्रम व वृद्धाश्रम में सहयोग, साथ ही रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है।
इस अवसर पर संस्था के सचिव डॉ. पंकज तिवारी ने बताया कि ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आने वाले दिनों में अन्य स्थानों पर भी कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी संस्था द्वारा नई योजनाओं पर कार्य करने की तैयारी की जा रही है।
पहल सामाजिक संस्था का यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों के लिए राहत का साधन बना, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश भी देता नजर आया।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.