बोर्ड परीक्षा से पहले छात्राओं को पठन सामग्री वितरित,माताओं का सम्मान
महाराजगंज - सिसवा नगर पालिका परिषद के लोहेपार क्षेत्र में युवा संगठन द्वारा बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने जा रही कक्षा 10 एवं 12 की छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक सराहनीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को पठन-पाठन एवं लेखन सामग्री के साथ स्कूल बैग प्रदान कर आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर सफलता के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की माताओं को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया जा सके। इसके साथ ही जर्नलिस्ट प्रेस क्लब महाराजगंज की निचलौल तहसील इकाई की सहभागिता से गरीब एवं आवश्यकता मंद लोगों में 50 कंबल वितरित किए गए। लोहेपार स्थित ठाकुरद्वारा परिसर में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ प्रेमलाल सिंघानिया कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य श्रीमती शशिकला सिंह, समाजसेवी एवं एक मीडिया समूह के सीईओ प्रमोद गुप्ता, सपा नेता प्रवीण सिंह सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
अतिथियों ने युवा संगठन द्वारा पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित किए जा रहे इस प्रेरणादायक कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा और सामाजिक संवेदना को मजबूती प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का संचालन उमेश जायसवाल ‘उमंग’ एवं पवन प्रजापति ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पन्नेलाल यादव,अभिनव सिंह, अमर श्रीवास्तव,अभिषेक गिरी,सत्यप्रकाश गिरी,किशोर यादव,हरिलाल सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.