सिसवा ब्लॉक परिसर में “हमारे आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन

महाराजगंज : सिसवा ब्लॉक परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में “हमारे आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात उच्च प्राथमिक विद्यालय कोठीभार की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

मुख्य अतिथि बंशीधर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की पहली शिक्षा, पहली मुस्कान और पहले संस्कार का आधार होते हैं। प्रत्येक बच्चे के जीवन की शुरुआत आंगनबाड़ी से ही होती है, ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे बच्चों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डायट प्रवक्ता अरुण मिश्रा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा-दीक्षा की नींव आंगनबाड़ी केंद्रों से ही रखी जाती है। अब आंगनबाड़ी केंद्र बाल वाटिका के रूप में बेसिक शिक्षा विभाग के अभिन्न अंग बन चुके हैं। समय की आवश्यकता है कि दोनों विभाग आपसी समन्वय से एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक के निर्माण में योगदान दें।

इस अवसर पर नोडल शिक्षण संकुल मनोज आर्या, महावीर प्रसाद, एआरपी सूरज यादव एवं देवेंद्र पटेल ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ एआरपी अरविंद जायसवाल द्वारा किया गया। प्राथमिक विद्यालय रायपुर, प्राथमिक विद्यालय सिसवा प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय कोठीभार एवं विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सिसवा शिक्षा क्षेत्र के 9 संकुलों के कुल 45 निपुण बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मीनाक्षी देवी, शिक्षक संकुल डॉ. सतीश तिवारी, हौसला चौरसिया, रजत शुक्ला, मिथलेश पाल, प्रियंका सिंह, नेहा वर्मा, अंशिका द्विवेदी, विवेक जायसवाल, हरिकेश विश्वकर्मा, राजेश कुमार, रमेश चंद चौरसिया, सुशील कनौजिया, पंकज सिंह सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.