सेंट जोसेफ्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई

महाराजगंज : महराजगंज जनपद के सिसवा नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित सेंट जोसेफ्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक संदेशों और आत्मीय स्मृतियों से सजा यह दिन विद्यार्थियों के जीवन का एक अविस्मरणीय अध्याय बन गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन ओ.ए. जोसेफ, प्रबंधक बिन्सी जोसेफ, प्रधानाचार्य बैजू चेरियन, शिवेंद्र सिंह, फणीन्द्र कुमार मिश्र, इंचार्ज मुन्ना पांडेय, धनंजय मिश्र तथा कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर चेयरमैन ओ.ए. जोसेफ ने कहा कि विदाई का यह क्षण खुशी और विषाद—दोनों भावनाओं का संगम होता है। एक ओर विद्यालय से बिछड़ने की पीड़ा होती है, तो दूसरी ओर जीवन में नए सपनों और नए आयामों की ओर कदम बढ़ाने की खुशी। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में ऊंचाइयों को छूने के लिए संघर्ष और त्याग आवश्यक है।

अंग्रेजी प्रवक्ता फणीन्द्र कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं सृजनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश और समाज का भविष्य इन्हीं युवाओं के हाथों में है, इसलिए लक्ष्य के प्रति निष्ठा और नैतिक मूल्यों को सदैव बनाए रखें।

गमगीन माहौल को उत्साह में बदलने के लिए जूनियर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुहानी गुप्ता, प्रतिभा गुप्ता, एंजलो बैजू एवं यशवर्धन पांडे ने किया।

प्रधानाचार्य बैजू चेरियन ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विदाई समारोह जीवन के उन पलों में से एक है, जहां खुशी और उदासी, सफलता और संघर्ष—सभी भावनाएं एक साथ जीवंत हो उठती हैं। इन भावनाओं को आत्मसात कर आगे बढ़ना ही जीवन की सच्ची सीख है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने सपनों को साकार करने का संकल्प भी लिया।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.