सोनौली बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, नेपाल मैत्री बस से 6 किलो गांजा बरामद

महराजगंज : भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसबी और सीमा शुल्क विभाग की संयुक्त टीम ने काठमांडू से दिल्ली जा रही नेपाल मैत्री बस सेवा की सघन जांच के दौरान करीब 6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

जांच के दौरान गांजा बस की सीटों के नीचे, यात्रियों के बैगों तथा बस के छिपे हुए कम्पार्टमेंट में सावधानीपूर्वक छिपाकर रखा गया था। तस्करों द्वारा अपनाई गई चालाकी को अधिकारियों ने सतर्कता से नाकाम कर दिया।
सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों से करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। सटीक वजन और मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है।
इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। कस्टम सुपरिंटेंडेंट एस. त्यागी ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
फिलहाल जांच एजेंसियां गांजा की उत्पत्ति, तस्करी के नेटवर्क तथा इसे दिल्ली और अन्य स्थानों तक पहुंचाने की योजना को लेकर गहन पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम है।

रिपोर्टर : श्रवण यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.